Uncategorized

‘देश जानता है आप पहले से नंगे हो, कपड़े उतारने की क्या जरूरत’, AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर PM मोदी का निशाना

PM Modi attack Congress: मेरठ में पीएम मोदी ने AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

PM Modi in Meerut: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (22 फरवरी) को मेरठ को कई सौगातें दी। उन्होंने नमो भारत रैपिड रेल के फुल स्ट्रेच और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने 12,930 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, ये उसकी एक शानदार झांकी है।

‘ग्लोबल इवेंट को नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया’

पीएम मोदी ने मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम करने में लगी हुई है- PM मोदी

उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने वहां जो किया, उससे पता चलता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी विचारधारा के हिसाब से कितनी दिवालिया और कंगाल हो चुकी है… कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम करने में लगी हुई है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता मोदी से नफरत करते हैं, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। वे मेरी मां का अपमान करने में भी नहीं हिचकिचाते… कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि AI ग्लोबल ये भाजपा का समारोह नहीं था और न ही उस समय बीजेपी का कोई नेता वहां मौजूद था। ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी। अब पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा बदकिस्मती से, इतनी पुरानी पार्टी (कांग्रेस) के नेता शर्मिंदा होने के बजाए, देश का अपमान करने वालों की खुलेआम तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने पार्लियामेंट में क्या किया? अगर वे पार्लियामेंट में अच्छा परफॉर्म नहीं कर सकते, तो वे अपने साथियों को बोलने का मौका भी नहीं देते। दिल्ली में जो हुआ (AI समिट प्रोटेस्ट), उसके बाद कांग्रेस के साथियों ने उनका साथ छोड़ दिया है। सबने उनका साथ छोड़ दिया है। मैं नेशनल मीडिया से भी विनम्रता से एक रिक्वेस्ट करना चाहूंगा… जब हम ऐसे कामों की बुराई करते हैं, तो आपको यह हेडलाइन नहीं लगानी चाहिए कि ‘मोदी ने विपक्ष की बुराई की है’। पापी कांग्रेस को बचाने की यह चाल बंद करो। इसे विपक्ष कहकर, आप कांग्रेस को बचा रहे हैं।”

‘नमो भारत रैपिड रेल नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी’

उन्होंने कहा कि हमारी कार्य संस्कृति है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। पहले यहां शाम होते ही यहां पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल होता था। अब एक तरफ कानून व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। मुझे खुशी है कि नमो भारत रैपिड रेल… ये नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ… ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं, बेटियां ही नेतृत्व कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा की जब दिल्ली में सरकार थी, तब ये सब संभव ही नहीं था। क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट्स घोटालों में ही गुम हो जाते थे। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया। क्योंकि भाजपा की प्राथमिकता देश का विकास है, देशवासियों की सुविधा और समृद्धि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button