BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand:कपाली ओपी क्षेत्र में ब्राउन शुगर बिक्री के विरोध पर युवक को मारी गोली, टीएमएच में इलाजरत

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गोलीबारी की घटना में मोहम्मद फैयाज़ आलम उर्फ़ पिजू (37) नामक युवक घायल हो गया है। घटना के बाद कपाली पुलिस ने घायल को तत्काल पीसीआर वाहन से ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली युवक की कमर को छूते हुए निकल गई है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध करने पर फायरिंग का आरोप

घटनास्थल पर दो राउंड गोली चलने की सूचना है। घायल के दोस्त डांगरडीह निवासी मोहम्मद साजिद ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। साजिद ने आरोप लगाया कि ब्राउन शुगर की कथित बिक्री का विरोध करने पर गोलीबारी की गई। उसके अनुसार मौके पर चार से पांच युवक मौजूद थे, जिन्होंने पहले उसे निशाना बनाकर गोली चलाई जिसमें वह बाल-बाल बच गया, इसके बाद चलाई गई गोली से मोहम्मद पिजू घायल हो गया।साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी ब्राउन शुगर की बिक्री और फायरिंग में इन युवकों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एक युवक पुलिस हिरासत में, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहम्मद शोएब (20) नामक युवक को पकड़ा है, जिससे पूछताछ जारी है। हालांकि, हिरासत में लिए गए युवक की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के कारणों व शामिल लोगों की भूमिका की जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button