Jharkhand: रांची में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौके पर मौत

रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी थाना क्षेत्र के बजरा में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक निजी अस्पताल के समीप तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनके शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद रांची-गुमला नेशनल हाईवे जाम
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रांची-गुमला नेशनल हाईवे-23 को बजरा स्थित निजी अस्पताल के समीप जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और बांस-बल्लियां लगाकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया। इससे रांची से गुमला जाने वाले मार्ग पर यातायात ठप हो गया।स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और हादसे को अंजाम देने वाले हाइवा चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर सड़क जाम और हंगामा जारी रहा।
मांडर के बनहौरा गांव के रहने वाले थे मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के बनहौरा गांव निवासी आशीष तिर्की और अमन के रूप में हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से हाइवा और चालक की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के क्षत-विक्षत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से हादसे में शामिल अज्ञात हाइवा की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उसके चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



