Jharkhand: नेशनल हाईवे पर सघन वाहन जांच अभियान, 28 वाहनों पर 1.60 लाख रुपये का जुर्माना

जमशेदपुर: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से नेशनल हाईवे पर बुधवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 1 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर हुई जांच
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और वाहन कर (टैक्स) बकाया होने समेत यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों की जांच की गई। जांच में नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई।
नियमों का पालन करने की वाहन चालकों से अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि वाहन निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही चलाएं, सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचें और वाहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज तथा कर अद्यतन रखें।प्रशासन के अनुसार सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



