Jharkhand: सरायकेला के कुचाई में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, जंगल से छह हथियार बरामद

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोर्रा गांव के समीप बुरूहातू के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने छह हथियार बरामद किए हैं। यह अभियान एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया।
सर्च ऑपरेशन में मिले छह हथियार
संयुक्त टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान एक 7.62 एमएम एसएलआर, एक 9 एमएम कार्बाइन, एक रिवॉल्वर और तीन .303 राइफल बरामद कीं। सभी हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
हथियार जंगल में किसने छिपाए, जांच जारी
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखे थे। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस और सुरक्षा बल बरामद हथियारों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं।



