Bengal: नंदीग्राम में जीत के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी की पंचायत प्रतिनिधियों को नसीहत, बोले- अहंकार छोड़ जनता के लिए करें काम

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पंचायत प्रतिनिधियों से अहंकार छोड़कर जनता के हित में काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और कामकाज पर नजर रखी जाएगी। उनके आचरण से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद अपने पहले दौरे पर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने पंचायत नेताओं को एकजुट होकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने व्यवहार में घमंड नहीं दिखाना चाहिए और जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पंचायत प्रतिनिधियों से बोले- पहले जनता की जरूरतें पूरी करें
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को पहले आम लोगों की जरूरतें पूरी करनी चाहिए और उसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के हितों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने नेताओं को एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि उनके अहंकार और व्यवहार से लोगों को यह कहने का मौका नहीं मिलना चाहिए कि जनप्रतिनिधियों ने भी बड़े-बड़े महल बना लिए हैं।मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं के उन परिवारों को दुर्गा पूजा के उपहार बांटने के कार्यक्रम में शामिल हुए, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में कथित तौर पर हिंसा और अत्याचार का सामना किया था।
हसिरानी रथ ने 1,22,753 वोटों से दर्ज की जीत
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हसिरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वह शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चुनाव परिणाम के अनुसार, हसिरानी रथ को 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 41,674 वोट प्राप्त हुए। इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों विधानसभा सीटों से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिसके बाद नंदीग्राम में उपचुनाव हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यालयों के माध्यम से लोगों को मिलने वाली सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह जीवनभर भवानीपुर के विधायक और नंदीग्राम के मतदाता बने रहेंगे।
हल्दिया-नंदीग्राम पुल और अस्पतालों के विस्तार की योजना
शुभेंदु अधिकारी ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई योजनाओं का जिक्र किया। इनमें हल्दिया और नंदीग्राम को जोड़ने वाला पुल, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण और मौजूदा अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार शामिल है।उन्होंने बताया कि रेयापाड़ा, महेशपुर और आमदाबाद के अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने और अधिक डॉक्टरों की व्यवस्था करने की योजना है। नंदीग्राम तक रेल लाइन पहुंचाने की योजना पर भी काम करने की बात कही।
प्रवासी मजदूरों और बेरोजगार युवाओं पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों को चरणबद्ध तरीके से वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सेवा क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि वैष्णव समुदाय के उन कलाकारों को लोकप्रसार शिल्पी भत्ता योजना में शामिल किया जाएगा, जिन्हें अब तक इसका लाभ नहीं मिला है। इनमें मृदंग और खंजनी बजाने वाले कलाकार शामिल हैं।
गांवों में पक्की सड़कें और आईसीडीएस केंद्रों के नए भवन
शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, हल्दिया विकास प्राधिकरण के माध्यम से गांवों में पक्की सड़कें बनाई जाएंगी। लकड़ी के पुलों की जगह मजबूत और स्थायी पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा, एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) केंद्रों के लिए नए भवन बनाने की भी योजना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।



