Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, मोहनपुर चौक के पास खून से लथपथ मिला शव

साहिबगंज : साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अपराधियों के दुस्साहस से पूरे इलाके में खौफ और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मोहनपुर गांव निवासी गौर चंद्र बागती की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए।घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

घात लगाकर बैठे अपराधियों ने किया हमला

स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गौर चंद्र बागती की रोजाना सुबह तड़के टहलने की आदत थी। रविवार की सुबह भी वे सामान्य दिनों की भांति मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।मोहनपुर चौक के पास सुनसान जगह पर पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने उनके गले पर किसी बेहद धारदार हथियार से वार किया, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

एसडीपीओ और पुलिस टीम पहुंची, छापेमारी तेज

सड़क पर खून से लथपथ शव देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस दलबल के साथ पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस की कई अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच; ग्रामीणों ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पुरानी व्यक्तिगत रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।इधर,तड़के हुई इस नृशंस वारदात से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने और इलाके में पुलिसिया गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button