
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार, 18 नवंबर को गोरखपुर दौरे के दौरान करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। पार्टी इस आयोजन के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभाव वाले पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की तैयारी में है।पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव बुधवार पूर्वाह्न 12 बजे गोरखपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद वह पीडीए रथ पर सवार होकर चौरी चौरा क्षेत्र के देवकाही गांव के लिए रोड शो करेंगे। समाचार एजेंसी भाषा को पार्टी सूत्रों ने बताया कि करीब दो घंटे से अधिक समय तक चलने वाले इस रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।
एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि गोरखपुर में इस रोड शो को सफल बनाने के लिए सपा ने व्यापक तैयारियां की हैं। सूत्रों के अनुसार, गोरखपुर जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। पार्टी ने कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।
बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
रोड शो के तहत अखिलेश यादव देवकाही गांव में यादव स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
चौरी चौरा सीट को लेकर भी बढ़ी राजनीतिक चर्चा
इस दौरे का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू यादव सपा में शामिल होने वाले हैं। उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में चौरी चौरा सीट से पार्टी के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।पार्टी सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी टप्पू यादव संभाल रहे हैं। सपा के कई वरिष्ठ नेता भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि रोड शो और बड़ी संख्या में समर्थकों की भागीदारी से चौरी चौरा समेत पूरे पूर्वांचल में उसका संगठन मजबूत होगा।



