EntertainmentNews⁠TV shows

Entertainment: नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ का धमाकेदार टीजर रिलीज

मनोरंजन डेस्क: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक नई मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ दर्शकों के सामने आने वाली है। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर इस सीरीज का टीजर रिलीज कर दिया गया है। जियोहॉटस्टार ने इसकी पहली झलक साझा करने के साथ प्रीमियर की तारीख का भी ऐलान किया है। यह सीरीज 11 दिसंबर को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। टीजर में नवाजुद्दीन एक ऐसे डॉक्टर के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिनकी मेडिकल समझ और तेज दिमाग का कोई मुकाबला नहीं है। हालांकि, उनकी असाधारण काबिलियत के साथ उनका अजीब व्यवहार भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता दिखाई देता है।

मेडिकल रहस्यों को सुलझाने में माहिर हैं डॉ. हसन

‘डॉ. हसन’ की कहानी एक असाधारण डॉक्टर के इर्द-गिर्द घूमती है। उनका दिमाग बेहद तेज है और वह ऐसे जटिल मेडिकल मामलों की गुत्थी भी सुलझा सकते हैं, जिनका जवाब दूसरे डॉक्टरों के लिए तलाशना मुश्किल होता है। हालांकि, उनकी शख्सियत आम डॉक्टरों से बिल्कुल अलग है। अजीब आदतें, अलग नजरिया और लोगों के साथ असामान्य व्यवहार उन्हें खास बनाते हैं।सीरीज में मेडिकल मिस्ट्री के साथ ह्यूमर, भावनाओं और दिलचस्प किरदारों का मेल देखने को मिलेगा। यही वजह है कि इसे सामान्य मेडिकल ड्रामा से अलग अंदाज में पेश किया जा रहा है।

हॉलीवुड सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है ‘डॉ. हसन’

‘डॉ. हसन’ दुनियाभर में लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है। ओरिजिनल सीरीज में अभिनेता ह्यू लॉरी ने डॉक्टर ग्रेगरी हाउस का किरदार निभाया था। यह शो 2004 से 2012 तक फॉक्स चैनल पर प्रसारित हुआ था। इसे दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।’हाउस’ ने पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स, दो गोल्डन ग्लोब और एक पीबॉडी अवॉर्ड समेत कई सम्मान हासिल किए थे। अब इसी चर्चित फॉर्मेट को भारतीय परिवेश और दर्शकों की पसंद के मुताबिक तैयार किया गया है। इसके संवाद, रिश्तों और किरदारों की दुनिया को स्थानीय संस्कृति से जोड़ने की कोशिश की गई है।इससे पहले बानीजय एशिया ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘मिस्ट्री’ जैसी अंतरराष्ट्रीय कहानियों के भारतीय रूपांतरण भी पेश कर चुका है। ‘मिस्ट्री’ लोकप्रिय विदेशी सीरीज ‘मॉन्क’ का भारतीय संस्करण है।

नवाजुद्दीन के साथ दीया मिर्जा भी आएंगी नजर

सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ दीया मिर्जा अहम भूमिका में दिखाई देंगी। इनके अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू भी अभिनय करते नजर आएंगे।इसका निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। भारतीय दर्शकों के हिसाब से कहानी विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने तैयार की है, जबकि संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं। बानीजय एशिया ने इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस किया है। इसके निर्माता दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी हैं। वहीं, विभास सिंह गौतम ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। यह सीरीज एनबीसीयूनिवर्सल फॉर्मेट्स के लाइसेंस के तहत बनाई गई है।

नवाजुद्दीन ने साझा की किरदार से जुड़ी बचपन की यादें

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि बचपन में वह अपने शहर के क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताते थे। वहां उन्हें अलग-अलग तरह के लोग और कई दिलचस्प घटनाएं देखने को मिलती थीं। ‘डॉ. हसन’ की कहानी पढ़ते समय उन्हें बचपन की वही यादें फिर से ताजा हो गईं।अभिनेता के मुताबिक, इस किरदार को निभाने की सबसे दिलचस्प चुनौती उसकी तेज समझ और दुनिया को देखने के अनोखे नजरिए को पर्दे पर उतारना था।जियोस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि इस सीरीज के जरिए ‘हाउस’ के यादगार किरदार को भारतीय रंग में पेश करने की कोशिश की गई है। वहीं, बानीजय एशिया के सीईओ दीपक धर का मानना है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कलाकार इस जटिल किरदार को गहराई दे सकते हैं।’डॉ. हसन’ 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। अब दर्शकों को इस मेडिकल ड्रामा में नवाजुद्दीन के अनोखे अंदाज और रहस्यमयी मेडिकल मामलों को देखने का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button