Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाकुलिया के धोबाशोल गांव पहुंचा 15 जंगली हाथियों का झुंड, अप-डाउन रेलवे ट्रैक पार कर जंगल में डाला डेरा

चाकुलिया :पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित धोबाशोल गांव के समीप रविवार की अलसुबह उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब 15 जंगली हाथियों का एक विशाल झुंड अचानक गांव की सीमा में दाखिल हो गया। हाथियों के इस दल ने रेलवे के अप और डाउन दोनों ट्रैकों को पार किया और आबादी के करीब पहुंच गया।रेलवे ट्रैक के आसपास हाथियों की मौजूदगी की खबर जैसे ही फैली, उन्हें देखने और अपनी सुरक्षा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

साल के जंगल में हाथियों का डेरा; वन विभाग रख रहा नजर

रेलवे ट्रैक पार करने के बाद हाथियों का यह झुंड वर्तमान में पास ही स्थित साल के घने जंगल में शरण लिए हुए है।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।वन कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों को न उकसाने की हिदायत दी जा रही है। टीम का प्रयास है कि शाम ढलते ही हाथियों को सुरक्षित तरीके से मुख्य जंगल की ओर खदेड़ा जा सके, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति न हो।

धान की फसल बर्बादी की चिंता में डूबे स्थानीय किसान

हाथियों के इस तरह अचानक आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाने से स्थानीय किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि इन दिनों खेतों में धान की फसल पककर तैयार हो रही है। यदि हाथियों का झुंड खेतों में प्रवेश करता है, तो बड़े पैमाने पर फसलों को रोंदकर बर्बाद कर देगा। ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की घेराबंदी कर उन्हें जल्द से जल्द दूर भेजा जाए और रेल पटरियों व बस्तियों के पास सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button