Bihar: बेतिया में सेनको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े 30-40 करोड़ की लूट की आशंका, 8 हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक

बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे आठ बदमाश कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में घुसे और हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद सोने और डायमंड के आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
20 मिनट तक शोरूम में रहे बदमाश, कर्मचारियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक पर सवार आठ अपराधी शोरूम पहुंचे। दो बाइक पर तीन-तीन और तीसरी बाइक पर दो अपराधी सवार थे। सभी हथियार लेकर शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इस दौरान शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे के सिर पर प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। शोरूम में मौजूद दो ग्राहकों के मोबाइल फोन भी जमीन पर पटककर तोड़ दिए गए। अपराधियों ने सीसीटीवी कैमरों और काउंटर में भी तोड़फोड़ की।करीब 20 मिनट तक शोरूम में रहने के बाद बदमाश सोने और डायमंड के आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया, तब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
शोरूम में मौजूद थे सात-आठ कर्मचारी और दो-तीन ग्राहक
वारदात के समय शोरूम में करीब सात से आठ कर्मचारी और दो-तीन ग्राहक मौजूद थे। कर्मचारियों में चार से पांच महिलाएं भी शामिल थीं। हथियारबंद अपराधियों की इस वारदात से शोरूम के कर्मचारियों और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। ज्वेलरी कारोबारियों में भी चिंता का माहौल है।
डीआईजी और एसएसपी ने तीन घंटे तक की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया।डीआईजी और एसएसपी ने करीब तीन घंटे तक शोरूम में जांच की और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
पूरे जिले में नाकेबंदी, बाइक नंबर का कराया जा रहा सत्यापन
वारदात के बाद पश्चिम चंपारण जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संदिग्ध वाहनों की जांच और तलाशी भी शुरू कर दी गई है।पुलिस को अपराधियों की एक बाइक का नंबर मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस बाइक नंबर का सत्यापन करा रही है। बदमाश किस रास्ते से फरार हुए, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।दिनदहाड़े व्यस्त सुप्रिया रोड पर स्थित गोल्ड शोरूम में हुई इस बड़ी वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी करना है।



