Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: प्रधानमंत्री आवास योजना के वाशिंदों ने विधायक सरयू राय से बताईं समस्याएं, सीवेज और जलजमाव का मुद्दा प्रमुख

जमशेदपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना के वाशिंदों ने शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर आवासीय परिसर में व्याप्त विभिन्न बुनियादी समस्याओं से अवगत कराया। स्थानीय लोगों ने सीवेज, ड्रेनेज, जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, लिफ्ट, सफाई और सुरक्षा समेत कई मुद्दे विधायक के समक्ष रखे।

5 और 8 नंबर ब्लॉक में सीवेज की समस्या

वाशिंदों ने बताया कि आवासीय परिसर के कुछ ब्लॉकों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो रहा है। इससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन और रहने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विशेष रूप से ब्लॉक नंबर 5 और 8 में सीवेज एवं डिस्पोजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीवेज का काम पिछले करीब तीन महीने से प्रभावित है। इसके कारण घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी बाधित हो रही है।

सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्या भी उठी

मुलाकात के दौरान लोगों ने आवासीय परिसर की सड़कों की स्थिति में सुधार कराने की मांग की। साथ ही कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं की ओर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया गया।वाशिंदों ने नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि परिसर में बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

लिफ्ट और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग

स्थानीय लोगों ने लिफ्ट के रखरखाव की समस्या भी विधायक के सामने रखी। इसके अलावा आवासीय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।लोगों ने आवास आवंटन से संबंधित कागजात समेत अन्य समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया।

सरयू राय ने अधिकारियों से की तत्काल बातचीत

वाशिंदों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक सरयू राय ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल बातचीत की और समस्याओं के समाधान में तेजी लाने का आग्रह किया।उन्होंने विशेष रूप से सीवेज सिस्टम का काम जल्द पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि घरों से निकलने वाले गंदे पानी की उचित निकासी हो सके और जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिले।

लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का आग्रह

सरयू राय ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के वाशिंदों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़े। इसके लिए परिसर में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।उन्होंने संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अधिकारियों से तेजी से काम करने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button