Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बोकारो में मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से हथियार के बल पर चेन और हीरे का लॉकेट लूट बदमाश फरार , पुलिस जांच में जुटी

बोकारो: सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया। महिला के विरोध करने पर एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 और सेक्टर-1 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

मॉर्निंग वॉक से लौटते समय बनाया निशाना

पीड़िता यास्मीन निगार के अनुसार, वह गुरुवार सुबह सेक्टर-5 पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए गई थीं। वापस लौटते समय बोकारो निवास के पास सेंटर मार्केट की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 50 मीटर आगे पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया।महिला ने बताया कि लाल रंग की पैशन प्रो बाइक पर हेलमेट पहने दो युवक उनके आगे से निकले और आगे जाकर बाइक रोक दी। इसके बाद एक युवक दौड़कर उनके पास पहुंचा और चेन देने को कहा।

पिस्तौल पेट में सटाकर गोली मारने की धमकी

महिला ने आरोपी से कहा कि वह खुद चेन खोलकर दे देंगी, लेकिन इससे पहले ही बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया।यास्मीन निगार ने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई तो आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी। आरोप है कि बदमाश ने हल्ला करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

घटना के बाद घबराई महिला ने राहगीरों से मदद मांगी। सूचना मिलने पर सेक्टर-6 और सेक्टर-1 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।पुलिस अपराधियों के आने-जाने और वारदात के बाद भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button