Jharkhand: दिसंबर 2028 तक विकसित होगा टाटानगर स्टेशन, थर्ड लाइन और नया कोचिंग डिपो भी बनेगा

जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन को दिसंबर 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के एजीएम मनीष जैन ने सोमवार को टाटानगर स्टेशन पर आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों का समयबद्ध परिचालन रेलवे की प्राथमिकता है। इसके साथ ही ढुलाई क्षमता बढ़ाने के लिए यार्ड एयर लाइन विस्तार का काम भी शुरू किया गया है।
आदित्यपुर से टाटानगर तक बिछेगी थर्ड लाइन
एजीएम मनीष जैन ने बताया कि आदित्यपुर से टाटानगर तक थर्ड लाइन के लिए विभागीय स्तर पर काम शुरू हो चुका है। इसके पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में सहूलियत होगी और लाइन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि थर्ड लाइन से जल्द ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
टाटानगर में बनेगा वंदे भारत का नया कोचिंग डिपो
टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेनों के नए कोचिंग डिपो को लेकर भी विभागीय कार्य शुरू कर दिया गया है। नया डिपो तैयार होने के बाद ट्रेनों के रखरखाव और परिचालन संबंधी कार्यों में रेलवे को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।एजीएम ने बताया कि स्टेशन विकास योजना के तहत विभिन्न कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई सड़क और पार्किंग का भी किया निरीक्षण
टाटानगर स्टेशन के विकास कार्यों के तहत प्रस्तावित नई सड़क और पार्किंग के कार्यों का भी एजीएम मनीष जैन ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।इस दौरान चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत मंडल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



