Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: स्कूल और आंगनबाड़ी बंद मिलने पर भड़के डीसी हेमंत सती, शिक्षक-सेविका पर कार्रवाई के निर्देश

हज़ारीबाग : उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान वन्य जीव अभ्यारण्य अंतर्गत राजडेरवा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कैले गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, खेती-किसानी और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी विद्यालय बंद मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से खेती-किसानी और सुविधाओं की ली जानकारी

वन्य जीव अभ्यारण्य की ओर जाने के दौरान उपायुक्त हेमंत सती कैले गांव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर गांव की विभिन्न समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।पशुओं को चराकर लौट रहे ग्रामीणों से भी उपायुक्त ने खेती-किसानी, पशुपालन समेत अन्य विषयों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के संचालन की स्थिति के बारे में भी ग्रामीणों से जानकारी ली।

निरीक्षण में बंद मिला आंगनबाड़ी केंद्र

इसके बाद उपायुक्त ने पंचायत गोबरबंदा अंतर्गत नर्सरी आंगनबाड़ी केंद्र, कैले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद पाया गया।आंगनबाड़ी केंद्र के बंद मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को संबंधित आंगनबाड़ी सेविका से स्पष्टीकरण मांगने और इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया।

स्कूल बंद मिलने पर डीसी ने जताई नाराजगी

आंगनबाड़ी केंद्र के बाद उपायुक्त ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कैले का भी निरीक्षण किया। विद्यालय भी बंद पाया गया। दोनों सरकारी संस्थानों के बंद मिलने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।उन्होंने संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार के निर्धारित आदेश और दिशा-निर्देश के बिना विद्यालय का बंद मिलना गंभीर अनियमितता है।उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

नल-जल योजना की समस्या दूर करने का निर्देश

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने गोबरबंदा पंचायत में नल-जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी जानकारी ली। ग्रामीणों से योजना के तहत पानी नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर उन्होंने जिला पंचायत राज पदाधिकारी को संबंधित पंचायत के मुखिया के साथ समन्वय कर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया।

राजडेरवा गेस्ट हाउस का भी किया निरीक्षण

इसके बाद उपायुक्त ने वन्यजीव प्रमंडल द्वारा संचालित नेशनल पार्क क्षेत्र के अंतर्गत राजडेरवा गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को राजडेरवा और आसपास के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित कर अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सरकारी योजनाओं और संस्थानों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button