Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: जमुई एनकाउंटर पर सीएम सम्राट चौधरी का बयान, बोले- अपराधी की कोई जाति नहीं

पटना: जमुई में 10वीं की छात्रा से कथित बदसलूकी के मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि पुलिस को कोई अपराधी चुनौती देगा तो पुलिस जवाब देगी और पीछे नहीं हटेगी।

पटना के कार्यक्रम में सीएम सम्राट चौधरी ने दिया बयान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह बयान पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री समेत अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान पीएम सूर्य घर योजना के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी दिए जाने का कार्यक्रम भी हुआ।अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जमुई मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वह जाति और धर्म के पीछे नहीं पड़ते। उनके मुताबिक अपराधी की कोई जाति नहीं होती और पुलिस को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

‘अपराधी की कोई जाति नहीं होती’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं तो कभी जाति-धर्म के पीछे नहीं पड़ता हूं। अपराधी, अपराधी होता है और उसका कोई जात नहीं होता है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देगा तो पुलिस उसका जवाब देगी और पीछे नहीं हटेगी।
यह बयान ऐसे समय आया है जब जमुई मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर बिहार में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

नंदन यादव को एनकाउंटर में लगी पैर में गोली

रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार को जमुई पुलिस मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया। दूसरे आरोपी हरे राम के घायल होने की भी रिपोर्ट है।

19 सितंबर को हुई थी छात्रा से बदसलूकी की घटना

मामला 19 सितंबर की शाम का बताया जा रहा है। जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके में 10वीं कक्षा की छात्रा और उसका साथी कोचिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को कथित तौर पर रोक लिया। छात्र के साथ मारपीट और छात्रा के साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो भी बनाया गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई

21 सितंबर को घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पीड़ित पक्ष का बयान लिया गया और प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

मामले में कई आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है। वहीं, नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। विपक्षी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई और राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button