Delhi: दिल्ली एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, जामनगर हाउस समेत पांच जगहों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर एजेंसियां

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए दिल्ली की कई प्रमुख लोकेशन्स को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों को खाली कराया गया और पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया।धमकी की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने भी सभी संबंधित लोकेशन्स पर अपने वाहन भेज दिए। हालांकि, शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है।
इन प्रमुख स्थानों को मिली धमकी
धमकी वाले स्थानों में दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और एसडीएम ऑफिस दिल्ली कैंट शामिल हैं।ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इन स्थानों को खाली कराया गया। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
दमकल की गाड़ियां सभी लोकेशन पर भेजी गईं
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, धमकी की सूचना मिलते ही सभी संबंधित स्थानों पर दमकल वाहन भेज दिए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर इलाकों की घेराबंदी कर जांच शुरू की।अब तक की जांच में किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली हाई कोर्ट में बॉम्ब स्क्वायड और स्निफर डॉग्स की जांच
धमकी के बाद दिल्ली हाई कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। बॉम्ब स्क्वायड और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है।दिल्ली हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी वकील कुनाल ने कहा कि शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि धमकी फर्जी थी। उन्होंने बताया कि सभी जगह स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में प्रमुख सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।फिलहाल सभी संबंधित स्थानों पर जांच जारी है और धमकी भेजने वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।



