BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय अपराधी गिरफ्तार, हथियार और स्कॉर्पियो बरामद

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिद्दी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद स्कॉर्पियो (JH-10AR-8705), एक अवैध देशी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद अपराधी सफेद स्कॉर्पियो से गिद्दी और मांडू के रास्ते हजारीबाग की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

कनकी मोड़ पर घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम

गठित टीम ने गिद्दी-मांडू मार्ग स्थित कनकी मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने के संकेत देने पर चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोक दिया और उसमें सवार लोग भागने लगे।हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य निकले आरोपी

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल (19 वर्ष) और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल (34 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं।पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य क्षेत्र में रंगदारी वसूली, लूट, फिरौती और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे।

मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहित सिंह उर्फ कुणाल का आपराधिक इतिहास रहा है। वह दिसंबर 2025 में उरीमारी में हुई फायरिंग की घटना और जनवरी 2026 में अवैध हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने जून 2026 में गिद्दी सीओ चेकपोस्ट पर फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया था।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button