Odisha: भुवनेश्वर में तेज बारिश के दौरान नाले में बहा युवक, 20 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के वाणी विहार इलाके में शनिवार को तेज बारिश के दौरान एक युवक नाले में बह गया। घटना के 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रविवार को भी फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर उसकी तलाश में जुटी हैं।
कबाड़ बीनते समय तेज बहाव में बहा युवक
लापता युवक की पहचान अनिल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह नाले के किनारे प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कबाड़ इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया और तेज धारा के साथ बह गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नगर निगम और रेस्क्यू टीम
घटना की जानकारी मिलते ही भुवनेश्वर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। शनिवार से ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमों ने खोज अभियान शुरू कर दिया था। रविवार को भी नाले के विभिन्न हिस्सों में युवक की तलाश जारी रही, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
मेयर और निगम आयुक्त ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर और निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को खोज अभियान और तेज करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन नाला बना हादसे की वजह
जिस नाले में यह हादसा हुआ, वहां इन दिनों एक विकास परियोजना के तहत पार्क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके कारण नाले का एक हिस्सा निर्माणाधीन है। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य और लगातार बारिश से तेज हुए जल प्रवाह ने हादसे का खतरा और बढ़ा दिया।फिलहाल रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान जलभराव और तेज बहाव वाले नालों व जलाशयों के पास नहीं जाने की अपील की है।



