Bihar: खगड़िया में मिड डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चे बीमार, खाने में कीड़ा मिलने का आरोप
बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडल स्थित सुखदेव सुमन साह लेवा प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील खाने के बाद 50 से अधिक बच्चे अचानक बीमार हो गए। बच्चों को उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने पर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खाने में कीड़ा मिलने का आरोप, जांच शुरू
जानकारी के अनुसार मिड डे मील में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने की बात सामने आई है। भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और कई बच्चों को उल्टी होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
डॉक्टर बोले- सभी बच्चे खतरे से बाहर
अस्पताल में भर्ती बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। एहतियात के तौर पर सभी बच्चों की निगरानी की जा रही है।
एसडीओ और मेडिकल टीम ने स्कूल पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गोगरी के एसडीओ मेडिकल टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन से घटना की जानकारी ली और मिड डे मील की गुणवत्ता तथा भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है।
अभिभावकों और बच्चों ने स्कूल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
स्कूल के बच्चों और उनके अभिभावकों का आरोप है कि मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी। उनका कहना है कि भोजन लापरवाही से बनाया जाता है और इसकी जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल को भी दी गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं किया गया। अभिभावकों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि मिड डे मील में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



