Bihar: पालीगंज में आबकारी विभाग की टीम पर कथित फायरिंग, शराब माफियाओं के हमले में बाल-बाल बचे जवान

बिहार की राजधानी पटना से सटे पालीगंज में आबकारी विभाग की टीम पर कथित हमले का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम छापेमारी के दौरान पांच लोगों को पकड़कर आबकारी थाना लौट रही थी। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो वाहन को निशाना बनाया गया।
अख्तियारपुर पुल के पास वाहन पर हुआ हमला
आबकारी विभाग के अधिकारी वैद्यनाथ यादव के अनुसार, विभाग की तीन टीमें अलग-अलग वाहनों से छापेमारी पर निकली थीं। महाराजगंज मुसहरी में कार्रवाई के दौरान पांच कथित शराब पीने वालों को पकड़कर टीम स्कॉर्पियो से लौट रही थी। आरोप है कि अख्तियारपुर पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने वाहन पर फायरिंग कर दी।
स्कॉर्पियो का शीशा टूटा, होमगार्ड जवान सुरक्षित
बताया जा रहा है कि वाहन के दाहिने दरवाजे के शीशे में छेद हो गया और दूसरी ओर का शीशा भी क्षतिग्रस्त हुआ। इस दौरान वाहन में मौजूद होमगार्ड जवान प्रिंस कुमार मिश्रा और अन्य लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उत्पाद अधीक्षक बोले- हर पहलू से हो रही जांच
उत्पाद अधीक्षक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन पर वास्तव में गोली चलाई गई थी या किसी ने ईंट-पत्थर से हमला किया था।
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पालीगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



