
लखनऊ में एक सप्ताह पहले एविएशन सेंटर में लगी भीषण आग की घटना के बाद अब एक बार फिर आग ने लोगों में दहशत फैला दी। सोमवार दोपहर विकास नगर इलाके में महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बाजार में एक जूते-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई।पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दमकल और पुलिस ने समय रहते संभाला मोर्चा
पुलिसकर्मियों ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली कराया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास के घरों में रखे एलपीजी सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामान को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि दुकान के अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
चिनहट के अपार्टमेंट में भी लगी आग
इसी दिन चिनहट थाना क्षेत्र में रामा डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर भी आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आधे घंटे में आग पर पाया गया काबू
पुलिस के अनुसार, आग अपार्टमेंट के एक कमरे तक ही सीमित रही और दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पा लिया।बताया गया कि संबंधित इमारत का उपयोग होम-स्टे और कार्यालय के रूप में किया जाता है। घटना के समय प्रभावित मंजिल पर तीन लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।



