Jharkhand: जमशेदपुर के मानगो से चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 30 लाख की ठगी के सबूत मिले

जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस की साइबर सेल ने मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-4 में छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किराए के मकान में रहकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे।
चार राज्यों के आरोपियों तक पहुंची पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जामताड़ा निवासी राहुल कुमार रवानी, देवघर निवासी संजय कुमार सिंह, सुनील कुमार झा तथा नीमडीह निवासी राहुल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है।
9 मोबाइल, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
प्रतिबिंब ऐप की शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई प्रतिबिंब ऐप पर मिली शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद साइबर सेल ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
30 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मिले सबूत
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के खिलाफ 30 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के प्रमाण मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े हैं या नहीं तथा ठगी के शिकार लोगों की संख्या कितनी है।मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद डिजिटल उपकरणों का फॉरेंसिक विश्लेषण कराया जाएगा।



