Jharkhand: मुहर्रम को लेकर सिमडेगा पुलिस अलर्ट, जुलूस में 250 से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

सिमडेगा। जिला मुख्यालय में 28 जून को निकलने वाले मुहर्रम जुलूस को लेकर सिमडेगा पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के मद्देनजर पुलिस केंद्र, सिमडेगा में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर
ब्रीफिंग कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने की। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
शांति समिति और प्रशासन के साथ समन्वय पर जोर
एसपी ने अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन, शांति समिति के सदस्यों और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलेवासियों से सहयोग की अपील
सिमडेगा पुलिस ने लोगों से मुहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया है।
250 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान रहेंगे तैनात
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 250 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।


