Jharkhand: हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम का चयन ट्रायल 22 जून को रांची में

रांची: 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 22 जून 2026 को रांची में किया जाएगा।
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा ट्रायल
चयन ट्रायल सुबह 9 बजे से मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। ट्रायल में झारखंड के सभी पात्र जूनियर पुरुष हॉकी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
इन खिलाड़ियों को मिलेगी ट्रायल में भाग लेने की पात्रता
हॉकी संघ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, चयन ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2007 या उसके बाद की हो। आयु संबंधी पात्रता का पालन करना सभी खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य होगा।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी
ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे जिसमे आधार कार्ड,हॉकी इंडिया आईडी कार्ड और नगर निगम या पंचायत द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी चयनित टीम
ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को झारखंड जूनियर पुरुष हॉकी टीम में शामिल किया जाएगा। यही टीम कोयंबटूर में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
खिलाड़ियों से समय पर पहुंचने की अपील
हॉकी संघ ने सभी इच्छुक और पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।



