
आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरी किशोर तिवारी को पराजित किया। आकाश अग्रवाल लगातार दूसरी बार इस सीट से निर्वाचित हुए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर नगेन्द्र प्रताप ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।मतगणना के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, आकाश अग्रवाल को 14,046 वोट मिले, जबकि हरी किशोर तिवारी के खाते में 9,783 वोट आए। इस तरह आकाश अग्रवाल ने 4,263 मतों के अंतर से जीत हासिल की। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 29,865 मत पड़े, जिनमें से 2,128 मत अवैध घोषित किए गए।
पहले चक्र से ही बनाए रखी बढ़त
मतगणना के पहले चक्र से ही सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल बढ़त बनाए हुए थे। पहले चरण में उन्हें 5,550 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी हरी किशोर तिवारी को 4,859 मत प्राप्त हुए थे। इस चरण में 861 मत निरस्त किए गए थे।निरस्त मतपत्रों पर दोहरे निशान, पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने और अलग-अलग पेन से निशान लगाए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इसके कारण करीब तीन घंटे तक मतगणना बाधित रही। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर चुनाव आयोग से मामले में संज्ञान लेने और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की थी।
तीन केंद्रों पर दोबारा हुआ मतदान
मतदान के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के तीन मतदेय केंद्रों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के बाद रविवार को तीनों केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया गया। इसके बाद मंगलवार सुबह आठ बजे फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में मतगणना शुरू हुई।मतगणना के दौरान विवाद को लेकर अखिलेश यादव ने आधी रात को एक और पोस्ट किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर सपा प्रत्याशी के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग, प्रशासन, सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रपति से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की।
आकाश अग्रवाल ने लगाए हिंसा और बूथ कैप्चरिंग के आरोप
जीत के बाद मीडिया से बातचीत में आकाश अग्रवाल ने मतगणना के दौरान हिंसा, बूथ कैप्चरिंग और शिक्षकों को परेशान किए जाने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मी पहुंचे और शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की गई।आकाश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन की गरिमा के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने इस घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों से शिक्षक भविष्य में चुनाव लड़ने से पीछे हट सकते हैं।हालांकि, बूथ कैप्चरिंग और दुर्व्यवहार से जुड़े आरोपों पर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा की जीत दर्ज हो गई है।



