Jharkhand: रांची में 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे केजी से 12वीं तक के स्कूल, चक्रवात के अलर्ट के बीच फैसला

रांची: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है। जारी जानकारी के अनुसार, यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और सभी निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसके दायरे में केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थी आएंगे।विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत लिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में झारखंड के लिए 28 अक्टूबर को भारी बारिश और 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
परीक्षा कराने या स्थगित करने पर स्कूल प्रबंधन ले सकेगा फैसला
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा कराने या स्थगित करने का निर्णय ले सकता है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी।
शिक्षकों को विद्यालय में रहकर करना होगा गैर-शैक्षणिक कार्य
विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों और शिक्षिकाओं को निर्धारित दोनों दिनों में विद्यालय पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।साथ ही, सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



