BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूलों में पढ़ाई स्थगित, चक्रवात ‘अर्णव’ को लेकर प्रशासन का फैसला

जमशेदपुर: चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है। दिए गए आदेश के विवरण के अनुसार, जिले के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों में प्रवेश वर्ग से लेकर कक्षा 12वीं तक पढ़ाई नहीं होगी।भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश तथा 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत फैसला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभावित खराब मौसम और आपदा के जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया है। इसके तहत जिले के सभी श्रेणी के सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों, अल्पसंख्यक विद्यालयों और निजी स्कूलों में दो दिनों तक विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहेगी।

पहले से निर्धारित परीक्षाओं पर स्कूल प्रबंधन लेगा फैसला

निर्देश के अनुसार, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा आयोजित करने या स्थगित करने का निर्णय स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ले सकेगा। अभिभावकों और विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए अपने विद्यालय से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।

शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश

विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन स्थगित रहने के बावजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों में विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। उन्हें विद्यालय से जुड़े गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।जिला प्रशासन का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्कूल आने-जाने के दौरान संभावित जोखिम से बचाव करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button