BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने खरीदा नामांकन पर्चा, प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रियों के साथ विधायकों ने दिखाई एकजुटता

रांची। झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा ने झारखंड विधानसभा पहुंचकर निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र (पर्चा) लिया। इस दौरान कांग्रेस के कई मंत्रियों और विधायकों ने उनके साथ मौजूद रहकर गठबंधन और पार्टी के भीतर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का पुरजोर प्रयास किया।

वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की रही मौजूदगी

प्रणव झा द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मुख्य रूप से उपस्थित थे। उनके अलावा राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री और विधायक भी विधानसभा पहुंचे, जिनमें शामिल हैं वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर,ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह,कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की,विधायक दल के उपनेता और विधायक राजेश कच्छप सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी इस दौरान एकजुट नजर आए।

झामुमो के रुख के बीच कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस नेताओं की इस मौजूदगी को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर बैठक कर दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का दावा किया है। झामुमो के इस कड़े रुख और दोनों सीटों पर दावेदारी के बाद कांग्रेस विधायकों का इस तरह एक साथ आकर प्रणव झा के साथ खड़े होना यह साफ संकेत देता है कि कांग्रेस इस सीट पर अपने कदम पीछे खींचने के मूड में नहीं है।अब देखना दिलचस्प होगा कि नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही सत्तारूढ़ गठबंधन (जेएमएम -कांग्रेस) के भीतर इस सीट को लेकर क्या सहमति बनती है या फिर दोनों दल इस चुनाव में आमने-सामने होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button