Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चांडिल के ज्वेलर के घर डकैती कांड का खुलासा, 24 लाख के जेवर बरामद

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बस स्टैंड के समीप आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस वारदात में शामिल बताए जा रहे पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही हजारीबाग से गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जानकारी चांडिल अनुमंडल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।पुलिस के अनुसार, 9-10 अक्टूबर की रात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने उमंग चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी। घटना के संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या 137/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के दौरान हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र के पांच आरोपियों की पहचान की गई। इनके नाम मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील बताए गए हैं।पुलिस के अनुसार, ये पांचों आरोपी चौपारण थाना कांड संख्या 252/2026 के सिलसिले में पहले से जेल में बंद हैं। इसके बाद एसआईटी ने मामले की आगे जांच करते हुए कथित स्थानीय मास्टरमाइंड राहुल कुमार महतो (27) को गिरफ्तार किया।

जेल में हुई मुलाकात के बाद बनाई डकैती की योजना

पुलिस के मुताबिक, राहुल कुमार महतो चांडिल के सुकसारी का रहने वाला है और कुरियर डिलीवरी का काम करता है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी।पुलिस का आरोप है कि राहुल ने उमंग चौधरी के घर की रेकी की और अन्य आरोपियों को घर की गतिविधियों की जानकारी देकर डकैती की वारदात में मदद की। मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

लूट का सामान खरीदने के आरोप में स्वर्णकार गिरफ्तार

पुलिस ने लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र के हारिना निवासी त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर लूटे गए सामान से संबंधित कई वस्तुएं बरामद की गईं।बरामद सामान में 5,142 ग्राम गला हुआ चांदी,80 ग्राम गला हुआ सोना,ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के,चांदी के दो स्वस्तिक,ब्रेसलेट में लगा कटा हुआ हीरा,दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई है।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। डकैती में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और लूटे गए सामान के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button