Bihar: सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार की मौत, बचाने गए युवक ने भी गंवाई जान

आरा (भोजपुर): बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए थे। उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे 25 वर्षीय युवक की भी डूबने से जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए तीन बच्चे
जानकारी के अनुसार, तीर्थकौल गांव के सात बच्चे शनिवार को सोन नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान आकाश कुमार, प्रेम कुमार और सिद्धांत कुमार गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।बच्चों को डूबता देख वहां अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर सुधीर कुमार उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गए।
ग्रामीणों की मदद से चारों के शव बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद चारों के शव बरामद कर लिए गए।एक ही गांव के तीन बच्चों और उन्हें बचाने पहुंचे युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।हादसे में जान गंवाने वाले तीन बच्चों की पहचान आकाश कुमार (15 वर्ष): पिता विनोद शर्मा,प्रेम कुमार (10 वर्ष): पिता मिंटू शर्मा और सिद्धांत कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, चौथे मृतक की पहचान सुधीर कुमार (25 वर्ष), पिता अरविंद यादव के रूप में हुई है।चार लोगों की मौत की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक व्याप्त है।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



