BreakingGujarat INFACTNews

Gujrat: शालिग्राम अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से कूदकर सीए की पूर्व छात्रा ने की खुदकुशी, डिप्रेशन की दवा ले रही थी युवती

जामनगर : गुजरात के जामनगर शहर में पंचेश्वर टावर के पास स्थित शालिग्राम अपार्टमेंट में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां रहने वाली 22 वर्षीय एक युवती ने अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान दृष्टि जतिनभाई पारेख के रूप में हुई है।ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण युवती के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

योग क्लास जाने का बहाना बनाकर घर से निकली थी दृष्टि

पारिवारिक सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जामनगर के कल्याणजी चौक के पास ज़वेरी डेली इलाके की रहने वाली दृष्टि बुधवार सुबह अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह योग क्लास जा रही है। घर से निकलने के बाद वह सीधे पंचेश्वर टावर के पास स्थित बहुमंजिला शालिग्राम अपार्टमेंट पहुंची। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पुलिस को पता चला कि दृष्टि मुख्य गेट से अंदर दाखिल हुई और सीधे लिफ्ट के जरिए नौवीं मंजिल पर चली गई। नौवीं मंजिल की गैलरी से उसने बिना वक्त गंवाए नीचे छलांग लगा दी।

केदारनाथ यात्रा पर जाने वाला था परिवार, छाया मातम

इस खौफनाक कदम के बाद दृष्टि के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों ने अत्यंत भारी मन से बताया कि घर में पिछले कई दिनों से बेहद खुशी का माहौल था। पूरा परिवार अगले कुछ ही दिनों में बाबा केदारनाथ की यात्रा पर निकलने वाला था। यात्रा की तैयारियों और पैकिंग के बीच अचानक आई बेटी की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है। दृष्टि के पिता सोने-चांदी के कारोबार (ज्वेलरी बिजनेस) से जुड़े हैं। वह अपने माता-पिता, भाई-बहनों और बूढ़ी दादी के साथ एक सुखी संयुक्त परिवार में रहती थी।

डिप्रेशन का शिकार थी युवती, बीच में ही छोड़ दी थी सीए की पढ़ाई

पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दृष्टि पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रही थी। उसका मनोचिकित्सक से इलाज चल रहा था और वह नियमित रूप से डिप्रेशन की दवाइयां ले रही थी। दृष्टि पढ़ाई में बेहद होनहार थी और चार्टर्ड एकाउंटेंट की तैयारी कर रही थी। हालांकि, मानसिक अस्वस्थता और अत्यधिक तनाव के कारण कुछ समय पहले ही उसने सीए की अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी, जिसके बाद से वह और अधिक गुमसुम रहने लगी थी।

सिटी ‘ए ‘ डिवीजन पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचित किया। जामनगर सिटी ‘ए’ डिवीजन पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल या मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और दृष्टि के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स व सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रही है ताकि आत्महत्या के सटीक और अंतिम कारणों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button