Bihar: पटना में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, दो लोग घायल

पटना: पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडों के बाद फायरिंग तक की नौबत आ गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
दो बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार यह विवाद करीब दो बीघा जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इस जमीन को लेकर ओमप्रकाश और जितेंद्र कुमार के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाद नया नहीं है। दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की मारपीट हुई थी, लेकिन सोमवार को मामला अचानक गंभीर हो गया।
लाठी-डंडों के बाद शुरू हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बादशाही पइन के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई और उसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।इसी दौरान किसी ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में ओमप्रकाश की जांघ में गोली लगी, जबकि जितेंद्र कुमार के पेट को छूते हुए गोली निकल गई। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।



