NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: 2 करोड़ का फर्जी नोटिस थमाकर मांगे 24 लाख, ‘इनकम टैक्स अफसर’ बना एलएलबी का छात्र गिरफ्तार

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो काला धन सफेद करने और विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर मोटी रकम वसूल रहा था। नखासा थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताने वाले एक एलएलबी छात्र को दबोच लिया। आरोपी ने एक ग्रामीण से 24 लाख रुपये की डिमांड की थी।

2 करोड़ के ‘काले धन’ का फर्जी नोटिस और 12% की पेनल्टी

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि अख्तियारपुर तगा गांव निवासी शीशपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस उनके घर पहुँचा और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया।उसने पीड़ित को 2 करोड़ रुपये की अवैध आय का एक फर्जी नोटिस थमाया।मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपी ने 12 प्रतिशत के हिसाब से 24 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।पिछले 15 दिनों से वह फोन कॉल कर पीड़ित पर पैसे देने का दबाव बना रहा था।

पीड़ित की समझदारी से पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘फर्जी अफसर’

जब पीड़ित ने आरोपी से बहजोई स्थित कार्यालय चलने को कहा, तो वह टाल-मटोल करने लगा। शक होने पर शीशपाल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के निर्देश पर पीड़ित ने आरोपी को बातचीत में उलझाए रखा और जैसे ही वह पैसे लेने के लिए तय स्थान पर पहुँचा, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एलएलबी का छात्र है आरोपी, पिता बोले- ‘बेटा कचहरी जाने की बात कहता था’

पूछताछ में पता चला कि आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस अमरोहा के उझारी में बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। वह कुछ समय दिल्ली में भी रह चुका है, जहाँ से उसने ठगी के तरीके सीखे। आरोपी के पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि उन्हें बेटे की करतूतों की जानकारी नहीं थी। वह रोज घर से कचहरी जाने की बात कहकर निकलता था।
गिरफ्तारी के समय आरोपी की मां का रो-रोकर बुरा हाल था, उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनका बेटा अपराधी बन गया है।

पुलिस की कार्रवाई और नेटवर्क की जांच

एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने और अवैध वसूली की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

“आरोपी भविष्य में कई अन्य लोगों को इसी तरह ठगने की फिराक में था। उसके पास से कुछ और परिचितों के नाम मिले हैं, जिनकी तलाश जारी है। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।” — कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी संभल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button