Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:सांसद मनोज तिवारी, अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडे और शक्ति कपूर समेत कई पर जमशेदपुर में केस दर्ज, जानिए क्या है मामला

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में एक बड़ी कानूनी कार्रवाई के तहत मशहूर फिल्म अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे और शक्ति कपूर समेत कई हस्तियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर साकची थाना में मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से जुड़े निवेश विवाद के बाद अदालत के आदेश पर दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने गाजियाबाद स्थित इस कंपनी में करीब 8 लाख रुपये का निवेश किया था। निवेश के वक्त उन्हें हर महीने 15 प्रतिशत ब्याज देने का वादा किया गया था।जसपाल सिंह के अनुसार, उन्होंने इन नामी फिल्मी सितारों के विज्ञापन और प्रचार वीडियो देखकर कंपनी पर भरोसा किया था।लंबे समय के बाद भी न तो उन्हें कोई ब्याज मिला और न ही उनका मूलधन वापस किया गया। जब उन्होंने जमशेदपुर शाखा प्रबंधक शिव नारायण पात्रो से पैसे मांगे, तो टालमटोल शुरू कर दी गई।

इन लोगों पर दर्ज हुआ केस

पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर कंपनी के निदेशकों और अन्य अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है जिसमे चंद्रभूषण सिंह (निदेशक – वर्तमान में जेल में बंद),प्रियंका सिंह (निदेशक की पत्नी – वर्तमान में जेल में बंद),शिव नारायण पात्रो (शाखा प्रबंधक),मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर (प्रचारकर्ता के रूप में) केस दर्ज हुआ है ।

जेल में बंद हैं कंपनी के निदेशक

हैरानी की बात यह है कि कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह पहले से ही हजारों निवेशकों के साथ करोड़ों की ठगी के मामले में जेल में बंद हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने देशभर में इसी तरह से लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये बटोरे हैं।

फिल्मी सितारों की भूमिका पर पुलिस की नज़र

साकची थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि क्या फिल्मी सितारों ने केवल पेशेवर विज्ञापन किए थे या उनकी कंपनी की कार्यप्रणाली में कोई प्रत्यक्ष भूमिका थी। साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button