Bihar INFACTNews

Bihar: मनेर पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपियों के एनकाउंटर पर बवाल, सांसद मीसा भारती ने की न्यायिक जांच की मांग

पटना: बिहार के पटना जिले के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड के तीन आरोपियों के एनकाउंटर को लेकर विवाद गहरा गया है। शुक्रवार की सुबह पटना एसटीएफ की मुठभेड़ में मारे गए जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा के शव दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचते ही हंगामा शुरू हो गया। मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ हंगामा देखते ही देखते बवाल में बदल गया। परिजनों ने शवों को एंबुलेंस से बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया। इसके कारण तीनों शव काफी देर तक एंबुलेंस में ही रखे रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ भी की।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त

पुलिस ने जब शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया तो परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद आक्रोशित लोग अस्पताल से बाहर सड़क पर आ गए और पथराव शुरू कर दिया।पथराव में पुलिस की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। दानापुर अनुमंडल अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पोस्टमार्टम को लेकर भी आमने-सामने परिजन और पुलिस

मृतकों के परिजनों की मांग है कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम दानापुर अनुमंडल अस्पताल में ही कराया जाए। वहीं, पुलिस अधिकारी पटना में पोस्टमार्टम कराने की बात कह रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर परिजन विरोध पर अड़े रहे और शवों को एंबुलेंस से उतारने नहीं दिया।

मीसा भारती ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल, न्यायिक जांच की मांग

हंगामे के बीच राजद की पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और उन्हें सांत्वना दी। मीसा भारती ने एनकाउंटर को गलत बताते हुए पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।परिजनों ने सांसद से भी शिकायत की कि पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी एनकाउंटर कर तीनों को मार गिराया है। उन्होंने पोस्टमार्टम दानापुर में ही कराने का आग्रह किया।

19 अक्टूबर को हुई थी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या

मनेर के शेरपुर इलाके में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की 19 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना महाअष्टमी की रात की बताई गई है। बाइक सवार बदमाशों ने उस समय उन्हें गोली मारी थी, जब वे अपने दालान में बैठे थे।इस हत्याकांड में जेपी यादव पर साजिश रचने और बबलू कुमार पर गोली मारने का आरोप था। शुक्रवार की अहले सुबह शेरपुर में गंगा किनारे पटना एसटीएफ ने तीनों आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया। हालांकि, एनकाउंटर को लेकर परिजनों के आरोपों और सांसद की न्यायिक जांच की मांग के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button