Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: डोबो में बीती रात भीषण सड़क हादसा में घायल दो युवको की इलाज के दौरान मौत, परिवारों में पसरा मातम

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो स्थित पांडे ढाबा के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान करीब 20 वर्षीय सुभाष कर्मकार और 19 वर्षीय लाया मुखी के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान डोबो स्थित पांडे ढाबा के समीप सफेद रंग की कार संख्या JH02BN-3464 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एएसआई मुन्ना राय ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस के पीसीआर पेट्रोलिंग वाहन से दोनों युवकों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

धतकीडीह और कपाली के रहने वाले थे दोनों युवक

बताया जा रहा है कि मृतकों में एक युवक जमशेदपुर के धतकीडीह स्थित मुखी बस्ती का रहने वाला था, जबकि दूसरा कपाली ओपी क्षेत्र के झोपड़ी बस्ती का निवासी था। महज 19 और 20 वर्ष की उम्र में दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की जांच

पुलिस दुर्घटना में शामिल कार को पहले ही जब्त कर चुकी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा अनुसंधान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा।इस दर्दनाक हादसे ने डोबो क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button