Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: एएसजी आई हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही पर यूथ इंटक का हंगामा, यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को दी कड़ी चेतावनी

जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित एएसजी आई हॉस्पिटल में मरीजों के परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार और इलाज में लापरवाही को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। पूर्वी सिंहभूम यूथ इंटक के जिला अध्यक्ष रोहन सिंह की माता जी के नेत्र इलाज में आ रही समस्याओं और अस्पताल प्रबंधन के असहयोगपूर्ण रवैये के विरोध में झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और जोरदार विरोध दर्ज कराया।

ऑपरेशन के बाद से आँखों में सूजन, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाया बदसलूकी का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष रोहन सिंह की माता जी का फरवरी माह में एएसजी आई हॉस्पिटल में आंखों का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद से ही उनकी आंखों में लगातार सूजन बनी हुई थी, जिससे उनका परिवार काफी चिंतित था।गुरुवार को जब रोहन सिंह अपनी माता जी की स्थिति को लेकर संबंधित चिकित्सक से मिलना चाह रहे थे, तब अस्पताल प्रबंधन ने कथित तौर पर असहयोगपूर्ण और अमर्यादित व्यवहार किया।

प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह पहुंचे अस्पताल, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

अस्पताल प्रबंधन के इस रवैये की खबर मिलते ही झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह अपने सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के साथ तुरंत अस्पताल परिसर पहुंचे।सत्यम सिंह ने अस्पताल प्रबंधन के व्यवहार पर कड़ा एतराज जताया और मरीज के समुचित इलाज व परिजनों से सम्मानजनक व्यवहार की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और न्याय नहीं मिला, तो यूथ इंटक अस्पताल के खिलाफ उग्र आंदोलन करते हुए अस्पताल में तालाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटेगा।

एचओडी नितेश कुमार सिंह ने संभाला मामला, स्वयं इलाज की ली जिम्मेदारी

मामले की गंभीरता और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए एएसजी आई हॉस्पिटल के एचओडी नितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह और जिलाध्यक्ष रोहन सिंह से वार्ता कर आश्वस्त किया कि वे स्वयं मरीज की आंखों की गहन जांच करेंगे और पूरे इलाज की जिम्मेदारी लेंगे।एचओडी द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया। सत्यम सिंह ने दोहराया कि यूथ इंटक आम जनता और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button