Bihar INFACTNews

Bihar: पिता के साथ सो रहे बच्चे को घर से उठाया, खेत में बोरे में मिला शव

भागलपुर: भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में तीन साल के मासूम के अपहरण और हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपराधियों ने पिता के साथ सो रहे बच्चे को घर से उठाया, गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया।मृतक की पहचान दिव्यांशु कुमार (3 वर्ष), पिता पंकज मंडल के पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

सुबह खेत में मिला मासूम का शव

परिजनों के अनुसार दिव्यांशु रात में अपने पिता के साथ घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। सुबह जब पिता की आंख खुली तो बच्चा गायब था। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। करीब सुबह सात बजे घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर खेत में प्लास्टिक के बोरे के अंदर उसका शव बरामद हुआ।

ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे के शव को चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद लोग नहीं माने। बाद में शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप के बाद करीब 45 मिनट बाद जाम समाप्त हुआ।

चार लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण का केस

पुलिस ने मृतक के पिता पंकज मंडल के बयान पर सुभाष मंडल, उसकी मां सुलेखा देवी, मुकेश मंडल उर्फ मुलो मंडल और उसकी पत्नी मुन्नी देवी के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है।पुलिस ने सुभाष मंडल के पिता और उसकी कथित प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी सुभाष मंडल फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मां ने मुख्य आरोपी पर जताया संदेह

मृतक की मां ने आरोप लगाया कि बेटे की तलाश के दौरान मुख्य आरोपी सुभाष मंडल के पैरों और कपड़ों पर कीचड़ लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि पहले भी उसे उनके घर आने-जाने से मना किया गया था। बाद में उसी के खेत के पास बच्चे का शव मिलने से परिवार का संदेह और गहरा गया। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर डीएसपी-2 राकेश कुमार, नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर, डॉग स्क्वायड, एफएसएल और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए।डॉग स्क्वायड को बच्चे के घर से खेत तक आने-जाने के संकेत मिले हैं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है, दो लोगों से पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button