Bihar: बिहार में चार आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल, सीके अनिल बने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव

पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए चार आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल को शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, अरविंद कुमार चौधरी और अमित कुमार पांडेय को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि पंकज कुमार को एक अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
सीके अनिल बने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव
1991 बैच के आईएएस अधिकारी सीके अनिल को बिहार राज्य योजना परिषद, पटना से स्थानांतरित कर शिक्षा विभाग, बिहार, पटना का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, वह अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
अरविंद कुमार चौधरी को कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार
1995 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी वर्तमान में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार के अपर मुख्य सचिव हैं। उनके पास बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है।सरकार के नए आदेश के तहत उन्हें कृषि विभाग, बिहार, पटना के कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह अगले आदेश तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
पंकज कुमार जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त
1997 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज कुमार गृह विभाग, बिहार के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव के साथ जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था।नई अधिसूचना के अनुसार, उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
अमित कुमार पांडेय को कृषि विभाग की जिम्मेदारी
2014 बैच के आईएएस अधिकारी अमित कुमार पांडेय राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सरकार ने उन्हें कृषि विभाग, बिहार, पटना के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वह अगले आदेश तक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे।
राज्यपाल के नाम से जारी हुई अधिसूचना
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इन प्रशासनिक बदलावों को लेकर अधिसूचना जारी की है। आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है और इस पर सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर हैं।



