Jharkhand: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सरायकेला थाना पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में किया।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी विशेष टीम
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले के अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था।टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष),करण बास्के (22 वर्ष) और कृष्णानाथ उर्फ दुख (22 वर्ष) के रूप में हुई है।पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।आरोपियों की निशानदेही पर JH-22F-8686 नंबर की एक मोटरसाइकिल तथा चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गईं। सभी वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सरायकेला-खरसावां सहित आसपास के कई जिलों से मोटरसाइकिलों की चोरी की थी।पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं।
मुख्य आरोपी पर कई आपराधिक मामले दर्ज
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।वहीं करण बास्के के खिलाफ भी सरायकेला और गम्हरिया थाना में वाहन चोरी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।एसपी ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



