
लखनऊ: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का गुरुवार सुबह लखनऊ के भैसाकुंड श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस दौरान अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत
बताया गया कि बुधवार, 13 मई की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रतीक यादव का निधन हो गया था। महज 38 वर्ष की उम्र में उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर फैल गई है।
नेताओं ने जताया दुख
प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बेहद दुखद क्षण है और ईश्वर परिवार को इस पीड़ा को सहने की शक्ति दें।वहीं नम्रता पाठक ने कहा कि प्रतीक यादव परिवार और बच्चों के लिए समर्पित व्यक्ति थे और जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते थे।
ओम प्रकाश राजभर और बेबीरानी मौर्य ने जताई संवेदना
ओम प्रकाश राजभर ने घटना को दुखद बताते हुए परिवार के लिए प्रार्थना की।बेबीरानी मौर्य ने कहा कि प्रतीक यादव बेहद मिलनसार और अच्छे इंसान थे, जिनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी।
बीजेपी और सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व सांसद कौशल किशोर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।बीजेपी प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि पार्टी पूरी संवेदनशीलता के साथ अपर्णा यादव और उनके परिवार के साथ खड़ी है।समाजवादी पार्टी नेता दीपक मिश्रा ने कहा कि इतनी कम उम्र में किसी की मृत्यु होना बेहद दुखद है और प्रतीक यादव एक नेक इंसान थे।
सामाजिक संगठनों ने भी जताया शोक
समाजसेवी मुकेश बहादुर सिंह और विश्व हिंदू रक्षा परिषद के गोपाल राय ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।



