BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर,अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद अभियुक्त

रांची: निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की विशेष अपराध शाखा-1 ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सीबीआई ने पिठौरिया थाने में पहले से दर्ज प्राथमिकी को री-रजिस्टर कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

6 नवंबर को आवास पर फंदे से लटका मिला था निशा भगत का शव

यह घटना 6 नवंबर की है। रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के डह टोली स्थित अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं।लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए थे। इसी दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।

आत्महत्या से पहले थाना प्रभारी को किया था फोन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जान देने से पहले निशा भगत ने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें थाने आने की बात कहकर फोन काट दिया था। इस पहलू की भी जांच में पड़ताल की जा सकती है।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के बाद निशा भगत के पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सीबीआई की दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 ने उसी प्राथमिकी को अपने यहां री-रजिस्टर कर लिया है।

सीबीआई ने शुरू की आगे की जांच

सीबीआई ने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज किया है। अब केंद्रीय एजेंसी मामले से जुड़े आरोपों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। आरोपों की सत्यता और संबंधित लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button