Jharkhand: पटमदा में नाबालिग कनकलता की मौत पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, चार लाख मुआवजे पर बनी सहमति

पटमदा: जमशेदपुर के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह स्थित पत्थर खदान से शुक्रवार को नाबालिग कनकलता का शव बरामद होने के बाद शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे और सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर ओड़िया पंचायत के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सुबह करीब 11 बजे कमलपुर थाना गेट के सामने टाटा-पटमदा मुख्य सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि परिजनों की सहमति के बिना पुलिस ने शव को चोरी-छिपे घटनास्थल से उठा लिया। हालांकि, दोपहर बाद प्रशासन के साथ सकारात्मक वार्ता और मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
50 लाख मुआवजे और खदान की घेराबंदी की थी मांग
सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने, पत्थर खदान में बने गहरे गड्ढों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने और परिजनों की सहमति के बिना शव उठाने के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना शामिल था।आंदोलन का नेतृत्व कर रहे निर्मल मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक प्रशासन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन किसी सहमति पर पहुंचने से पहले ही पुलिस-प्रशासन शव को पश्चिम बंगाल के रास्ते वहां से ले आया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही थी।
प्रशासन के साथ वार्ता में चार लाख मुआवजे पर सहमति
शनिवार को कमलपुर थाना गेट के पास प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच करीब एक घंटे तक वार्ता हुई। वार्ता में आपदा प्रबंधन के तहत मृतका के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी।इसके अलावा कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने अपने स्तर से मृतका के अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
खदान की तार से होगी घेराबंदी, भरने की प्रक्रिया पर भी सहमति
वार्ता के दौरान तय हुआ कि छठ पूजा के बाद खनन विभाग की ओर से लायाडीह स्थित पत्थर खदान की तार से घेराबंदी कराई जाएगी। वहीं, हाईकोर्ट में लंबित मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार खदान को भरने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी।प्रशासन की ओर से मिले इन आश्वासनों के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जाम हटने के बाद टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया।
वार्ता में कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
डीएसपी दयानंद कुमार के निर्देश पर हुई वार्ता में जिला खनन निरीक्षक अभिजीत मजूमदार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता और बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।आंदोलन का नेतृत्व परमेश्वर मुर्मू, सिराज मुर्मू, रवींद्र मुर्मू, उमेश हांसदा, द्विजपद मुर्मू और सोमनाथ मुर्मू आदि कर रहे थे। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त होने से सड़क पर आवागमन बहाल हो गया।



