Chhattisgarh INFACTNews

Chhattisgarh: एसटीएफ आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

दुर्ग : जिले के स्मृति नगर चौकी अंतर्गत एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह कत्लेआम की एक ऐसी वारदात हुई जिसने प्रदेश को हिला कर रख दिया है। कॉलोनी में तैनात आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर एक महिला ने उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि एक बेटी आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है।

सुबह 8 बजे हुआ खौफनाक हमला

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज अचानक ललितेश यादव के घर में घुसी और चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में आरक्षक की पत्नी रानी यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।आरक्षक की बेटी तानिया यादव इस हमले में गंभीर रूप से घायल है, जिसे तत्काल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।घर में मौजूद एक अन्य बच्चे नैना यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

अवैध संबंध और रंजिश बनी हत्या की वजह!

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस दोहरे हत्याकांड के पीछे अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी सरोजनी भारद्वाज और आरक्षक के बीच कथित संबंध थे। महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर आई थी, तब उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया था। आपसी विवाद और रंजिश इस कदर बढ़ गई कि महिला ने आज सुबह घर में घुसकर बच्चों और महिला को अपना निशाना बनाया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की हर कड़ी को जोड़ा जा सके। एसटीएफ कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button