Jharkhand: सुवर्णरेखा नदी तट पर मिला अमेरिका निर्मित 227 किलो का शक्तिशाली ‘जिंदा’ बम, इलाके में हड़कंप

बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुवर्णरेखा नदी के किनारे मिट्टी और बालू के नीचे दबा एक विशालकाय बम बरामद हुआ। गैस सिलेंडर के आकार का यह बम दिखने में जितना बड़ा है, उतना ही खतरनाक भी बताया जा रहा है।
‘अमेरिकन मेड’ शक्तिशाली बम की पहचान
बम पर अंकित कोड और विवरण के अनुसार, यह AN-M-64 500-LB मॉडल का बम है।इसका कुल वजन करीब 227 किलो (500 पाउंड) है।इस पर ‘Unexploded (UXO)’ लिखा हुआ है, जिसका अर्थ है कि यह एक शक्तिशाली ‘जिंदा’ बम है जो गिराए जाने के समय फटा नहीं था।
द्वितीय विश्व युद्ध या विमान क्रैश से जुड़ा हो सकता है तार
जानकारों और स्थानीय सूत्रों का अनुमान है कि यह बम ऐतिहासिक घटनाक्रम से जुड़ा हो सकता है।बताया जाता है कि पूर्व में महुलडांगरी के पास एक लड़ाकू विमान क्रैश हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि यह बम उसी विमान से गिरकर नदी की गीली मिट्टी में दब गया होगा। चूंकि कलाईकुंडा एयरबेस पास में ही है, इसलिए प्रशासन ने वहां के अधिकारियों को पत्र लिखकर इसकी तकनीकी जांच और पहचान का आग्रह किया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: रांची से बुलाई गई बम स्क्वायड
बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी को सूचित कर दिया गया है। बम मिलने वाले स्थान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को वहां से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। रांची से विशेष बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है, जो इस विशालकाय बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करेगा।
“सुरक्षा के लिहाज से हमने पूरे इलाके को चिह्नित कर लिया है। किसी भी ग्रामीण को बम के साथ छेड़छाड़ न करने और पास न जाने की चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों की देखरेख में ही इसे हटाया जाएगा।” — शंकर प्रसाद कुशवाहा, थाना प्रभारी



