Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: सीतामढ़ी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौत

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा बैरगनिया थाना क्षेत्र के नंदवारा के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम है।मृतकों की पहचान शेखोना निवासी हरि लाल ठाकुर और अशोगी निवासी मंदेश पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।

स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क किनारे बैरिकेडिंग में जा गिरे बाइक सवार

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आती है और बाइक को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ जाती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क किनारे लगे बैरिकेडिंग से जा टकराए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। दोनों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसर गया।

आबादी वाले इलाके में हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह सिंगल सड़क है और आसपास आबादी भी है। इसके बावजूद स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आ रही थी। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कॉर्पियो में सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। त्योहार से पहले एक साथ दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button