Bihar INFACTNews

Bihar: पटना टूर पर जा रहे स्कूली बच्चों की बस ट्रक से टकराई, दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। परसथुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहनिया-आरा पथ पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस और ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक स्कूली बच्चे और चार अन्य शिक्षक घायल हो गए।

कैमूर से पटना के लिए निकला था बच्चों का जत्था

जानकारी के अनुसार, कैमूर जिला के चैनपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बढोना से बच्चों का एक दल शैक्षिक भ्रमण (Tour) के लिए बस से पटना जा रहा था। इसी दौरान परसथुआ के पास बस अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतक शिक्षकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों शिक्षक उत्कृष्ट सेवा में कार्यरत थे। मृतक संजय कुमार राय (विशिष्ट शिक्षक): निवासी- भैंसहर, चैनपुर, कैमूर और पुनीत कुमार सिंह (BPSC शिक्षक): निवासी- बगहवा, माविहार थाना, मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)।

घायलों की स्थिति और उपचार

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे में घायल 10 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चार अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घायलों में विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और एक महिला शिक्षिका ललिता कुमारी शामिल हैं।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ या तेज रफ्तार की वजह से। शिक्षकों की मौत की खबर के बाद मध्य विद्यालय बढोना और उनके पैतृक गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button