Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: तिलैया में रेलवे ब्रिज के नीचे जूते-चप्पल की तीन दुकानों में लगी आग, 5 लाख रुपये का नुकसान

तिलैया: तिलैया थाना क्षेत्र के झंडा चौक के समीप रेलवे ब्रिज के नीचे फुटपाथ पर लगी जूते-चप्पल की तीन दुकानों में बीती रात भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन दुकानदारों को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखे जूते-चप्पल और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

रात में तिरपाल से ढककर सो गए थे दुकानदार

घटना के संबंध में दुकानदार रुस्तम ने बताया कि वह अपने दो मित्रों गुड्डू और चुन्नू के साथ पिछले कई वर्षों से उक्त स्थान पर जूते-चप्पल की दुकान लगाते आ रहे हैं। दिनभर दुकानदारी करने के बाद वे चारपाई पर रखे जूते-चप्पलों को प्लास्टिक के तिरपाल से ढक देते हैं और रात में वहीं सो जाते हैं।बीती रात भी दुकान बंद करने के बाद उन्होंने सामान को तिरपाल से ढक दिया था। इस दौरान उनका भाई अफजल वहीं सो रहा था।

रात एक बजे आग की लपटें देखकर खुली अफजल की नींद

दुकानदारों के अनुसार, देर रात करीब एक बजे अफजल को कुछ जलने की गंध महसूस हुई। इससे उसकी नींद खुल गई। उठकर देखने पर उसने पाया कि जूते-चप्पलों में भीषण आग लगी हुई है। उसने तत्काल फोन कर रुस्तम और अन्य भाइयों को इसकी सूचना दी।रुस्तम ने अग्निशमन विभाग को जानकारी दी और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। रुस्तम और उसके भाइयों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई गई। हालांकि, तब तक तीनों दुकानों का सामान जलकर खाक हो चुका था।

तीनों दुकानदारों को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान

रुस्तम के मुताबिक, आगजनी में तीनों दुकानों के सामान के जलने से करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिस स्थान पर आग लगी, उसके आसपास फुटपाथ पर कई अन्य दुकानें और स्थायी दुकानें भी मौजूद हैं।दमकल की गाड़ी के मौके पर पहुंचने और आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से बच गई। यदि आग आसपास की दुकानों तक पहुंच जाती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button