Jharkhand: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को रांची के सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

रांची: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को निर्वाचन आयोग एक और अवसर देने जा रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 18 नवंबर को रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें नागरिक मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का निष्पादन करा सकेंगे।
18 वर्ष पूरे कर चुके नागरिक फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकेंगे नाम
विशेष कैंप में वैसे सभी योग्य नागरिक, जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, फॉर्म-6 भरकर अपना नाम पंजीकृत करा सकेंगे।इसके अलावा मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बूथों पर नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी यानी तार्किक विसंगति और अन्य त्रुटियों से संबंधित मतदाताओं की सूची भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहेगी। संबंधित मतदाता अपने विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार करवा सकेंगे।
बीएलओ और बीएलए-2 की होगी छठी एवं अंतिम संयुक्त बैठक
इस अभियान के दौरान एसआईआर के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की छठी एवं अंतिम संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की समीक्षा करना और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने की संभावना को खत्म करना है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-2 से अपने-अपने क्षेत्रों के छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।प्रशासन ने भी सभी पात्र नागरिकों से 18 नवंबर को आयोजित इस विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सके।



